बरहज (देवरिया)। मदनपुर थाना क्षेत्र के महुईं खड़ेसर गांव निवासी और गड़ौना ननिहाल में रह कर पढ़ाई कर रहा अभिनंदन विश्वकर्मा सोमवार की रात घर से कुछ दूरी पर शादी समारोह में गया था। जहां गोली चलने के दौरान छर्रा लग जाने से वह घायल हो गए। बाबा राघवदास मेडिकल कालेज गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार अभिनंदन के पेट में दाहिने तरफ तीन जगह सुराख बने हुए थे।
पुलिस को दी तहरीर में अभिनंदन के पिता निरंजन विश्वकर्मा ने कहा है कि गड़ौना निवासी विद्याधर यादव पुत्र रामचीज के घर बरात आई थी। घर से कुछ दूरी होने के कारण कान्हा भी मामा हेमंत विश्वकर्मा के साथ शादी देखने गया था। उनका कहना है कि जयमाल के दौरान घराती और बीजापुर-झंग्टौर के बभनी-सकरापार गांव निवासी कुछ लोग तमंचे से फायर कर रहे थे। जिसका हेमंत ने विरोध किया। जिस पर गाली-गलौज करते हुए लोगों ने फायर झोंक दिया, जो अभिनंदन उर्फ कान्हा को लग गया। जिससे वह घायल हो गया।
परिजनों के अनुसार अभिनंदन को इलाज के लिए आनन-फानन में बरहज स्थित एक प्राइवेट अस्पताल, महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कालेज और बाबा राघवदास मेडिकल कालेज गोरखपुर ले गए। जहां ऑपरेशन थियेटर में अभिनंदन की मौत हो गई। जानकारी होने पर गोरखपुर मेडिकल कालेज पुलिस ने शव का अंत्यपरीक्षण कराया। उसके मौत से गांव और ननिहाल में सन्नाटा पसर गया। घटना को लेकर सभी हतप्रभ हैं।
चित्तौड़ से ससुराल पहुंचा पिता : मदनपुर थाना क्षेत्र के महुईं खड़ेसर गांव निवासी निरंजन विश्वकर्मा की शादी गड़ौना निवासी छेदी विश्वकर्मा की पुत्री माया से हुई है। नीलम और निगम में अभिनंदन सबसे छोटा है। लोगों के अनुसार ससुराल में मनमुटाव होने के कारण माया विगत वर्षों से बच्चों के साथ मायके में रह रही हैं। जबकि पति चित्तौड़ में एक प्रावइेट कंपनी में नौकरी करते हैं। भतीजी पिंकी द्वारा फोन पर अभिनंदन के मौत की जानकारी होने पर वह बुधवार को ससुराल पहुंचा।