देवरिया। नगर पालिका परिषद ने शहर में स्वच्छता और जन-स्वास्थ्य को देखते हुए मीट, मछली और चिकन के व्यापारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। शहर के में संचालित सभी मांस-मछली की दुकानों का खुले में संचालन अब पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने बताया कि सभी व्यापारियों को नगर पालिका परिषद और पुलिस विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही, खाद्य सुरक्षा विभाग से आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही दुकानों का संचालन किया जा सकेगा। बिना वैध दस्तावेजों और स्वच्छता मानकों के दुकान चलाने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है। अधिशासी अधिकारी ने कहा है कि यदि कोई भी व्यापारी बिना लाइसेंस या अनापत्ति प्रमाण पत्र के दुकान चलाते हुए पाया जाता है, अथवा निर्धारित दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया जाएगा। नगर पालिका परिषद ने सभी व्यापारियों से अपील की है कि वे शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और नियमों के अनुरूप ही अपने प्रतिष्ठानों का संचालन सुनिश्चित करें।