बरहज के मईलौटा निवासी और मृतक गोविंद चौहान का फाइल फोटो, रोते-बिलखते परिजन
- फोटो : DEORIA
ठेला व्यवसायी की सड़क हादसे में मौत
दुकान बंदकर ठेला लेकर घर जा रहा था दुकानदार
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज। क्षेत्र के मईलौटा गांव के समीप तेज और अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से ठेला व्यवसायी गोविंद चौहान (33) पुत्र स्वामीनाथ गंभीर रूप से चोटिल हो गया। इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। दुकानदार की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
ग्राम पंचायत पलियां के मईलौटा मोहल्ला निवासी गोविंद बरहज में ठेले पर वेज मोमो की दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार वह रोज की भांति ठेला लेकर बरहज गया था। रात 10 बजे ठेला लेकर वापस घर आ रहा था। उसके साथ दो अन्य दुकानदार भी थे। इसी बीच घर के निकट सड़क पर ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें गोविंद घायल हो गया। थोड़ी देर बाद अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी होने पर मां बताशी देवी और पत्नी रेखा दहाड़ें मारने लगीं। जबकि घर में मातम पसर गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रक कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
इंसेट में-
बच्चों के सिर से उठ गया पिता का साया
बरहज। ठेला व्यवसायी गोविंद चौहान की मौत से घर में कोहराम मचा है। उसकी मौत से सात वर्षीया रूमा और तीन वर्ष की आस्था अनाथ हो गईं। जबकि पत्नी रेखा उसके बच्चे की मां बनने वाली है। वह करीब तीन साल से नगर में दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। गोविंद भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था।