मुक्तिधाम कार्यालय से नकदी व कागजात चोरी
बरहज। क्षेत्र के गौरा-कटइलवा मुक्तिधाम पर शुक्रवार की रात चोरों ने कार्यालय की दूसरे मंजिल पर बने भवन का ताला तोड़कर नकदी और कागजात चुरा ले गए। चोर सीसीटीवी कैमरे के तार काटकर टिनशेड के रास्ते पीछे से कार्यालय में घुसे हैं। पुलिस कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है।
सरयू नदी तट पर स्थित मुक्तिधाम पर शवदाह के लिए रोजाना लोगों की भीड़ जुटती है। जहां कार्यालय की ओर से अंत्येष्टि प्रमाण पत्र दिया जाता है। संस्थाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्र का कहना है कि कार्यालय पर श्रीनिवास की नियुक्ति किया गया है। जो रोजाना रात को नौ-साढ़े नौ बजे कार्यालय बंद कर घर चले जाते हैं। जबकि कुछ लोग नीचे बरामदे में सोते हैं। चोरों ने संस्था का रजिस्ट्रेशन कागज, कैशबुक, बैलेंस शीट आदि कागजातों के अलावा रखा गया अंत्येष्टि शुल्क चुरा ले गए हैं। इंस्पेक्टर टीजे सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।