खोरीबारी अरुआडीह गांव का मामला, पीड़ित ने दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
भटनी। खोरीबारी अरुआडीह गांव में छत के रास्ते मकान में घुसकर चोरों ने बुधवार की रात ढाई लाख नकद व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जानकारी होने पर पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर दी। शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खोरीबारी अरुआडीह गांव निवासी वशिष्ठ यादव व्यवसायी हैं। वह जेसीबी, ट्रैक्टर और वाहन के व्यवसाय से जुड़े हैं। 27 फरवरी को उन्होंने अपना पुराना वाहन बेच दिया था। नया वाहन लेने के लिए वह रुपये इकट्ठे कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि बुधवार की रात छत के रास्ते मकान में घुसे चोरों ने बाॅक्स का ताला तोड़कर ढाई लाख रुपये व अन्य कीमती सामान चुरा लिया। बृहस्पतिवार की सुबह इसकी जानकारी होने पर पीड़ित कमरे का दरवाजा खुला देखकर दंग रह गए। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस से की है।
एसओ श्यामानंद राय ने बताया कि ढाई लाख नकदी चोरी होने की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।
जहर खाने से महिला गंभीर
भाटपार रानी । खामपार थाना के ग्राम छपिया निवासी विद्या गुप्ता की 55 वर्षीय पत्नी पन्ना देवी ने बृहस्पतिवार को जहर खा लिया। थोड़ी देर बाद जब परिजनों को मालूम हुआ तो बेहोशी की हालत में महिला को भाटपार रानी अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में उन्हें सदर अस्पताल भेज दिया गया। परिजनों ने बताया कि घर में सब्जी के पौधों पर छिड़कने वाली कीटनाशक दवा रखी थी, जिसने उसे भूल से खा लिया। संवाद