संवाद न्यूज एजेंसी खुखुंदू (देवरिया)। क्षेत्र के मुंडेरा बुजुर्ग में बृहस्पतिवार की सुबह करीब 7:15 बजे दो कमरों का ताला तोड़ चोर बैग में रखे 56 हजार रुपये नकदी उड़ा ले गए। वारदात के दौरान दोनों पीड़ित देहात में व्यवसाय करने निकले थे। मकान मालिक की सूचना पर कमरे पर पहुंच देखा तो ताला टूटा हुआ था। कमरे के अंदर रखा सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित आसपास पता लगाने के बाद थाने में तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर जिला के थाना रेवसा ग्राम हिम्मतपुरवा निवासी मोनीस और तौफीक खुखुंदू क्षेत्र के मुसैला बुजुर्ग में बतीन साल से किराए पर अलग-अलग कमरा लेकर विभिन्न कंपनियों का सर्फ मंगाकर गांवों में फेरी लगाकर बेचते हैं। बृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजे दोनों जलपान कर कमरे में ताला बंद कर देहात में निकल गए। इसी बीच मकान मालिक ने फोन कर बताया कि कमरे में ताला नहीं लगा है।
इसके बाद दोनों कमरे पर पहुंचे। कमरे के अंदर सामान बिखरा पड़ा देख उनके होश उड़ गए। बैग का चेन खुला था और उसमें रखे रुपये गायब थे। पीड़ितों में मोनिस का 6 हजार और तौफीक का 50 हजार रुपये चोरी हुआ है। तौफीक का कहना है कि बिक्री कर रुपये इकठ्ठा किया गया था। बृहस्पतिवार की रात में गाड़ी सर्फ लेकर आएगी। उसी को रुपये देने के लिए इकठ्ठा किया गया था। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।े