बरियारपुर। थाना क्षेत्र में बाइक में कार की टक्कर मारने के बाद युवक से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि कार सवार लोगों ने पहले उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मारी और सड़क पर गिरने के बाद रॉड व लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। हमले में उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और हड्डियां टूट गईं। पीड़ित ने पुलिस पर समय से कार्रवाई नहीं करने और आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में देवरिया निवासी विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि 28 जून की रात करीब 9:30 बजे वह बाइक से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक सफेद रंग की कार ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद कार से चार-पांच लोग नीचे उतरे और रॉड व लाठी-डंडों से उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने उन्हें काफी देर तक पीटा, जिससे हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और हड्डियां टूट गईं। घटना के बाद सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस की मदद से घायल को जिला अस्पताल देवरिया पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उनका ऑपरेशन कराया गया।