खुखुंदू। थाना क्षेत्र के बीरपुर मिश्र गांव में बुधवार को चौकीदार रमाशंकर पासवान के बेटे विनोद पासवान 45 की पोखरी में डूबने से मौत हो गई। लोगों ने शव पोखरी से बाहर निकाल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद पत्नी और बेटे बदहवास हैं। परिवार में चीख-पुकार मची है।
बीरपुर मिश्र निवासी रमाशंकर पासवान खुखुंदू थाने में चौकीदार हैं। उनकी चार संतानों में तीन बेटियों के बाद विनोद इकलौता बेटा था। पुलिस के मुताबिक बुधवार की रात तड़के करीब तीन बजे विनोद गांव के दक्षिण स्थित पोखरी के पास शौच करने गया था। जहां पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। पोखरी में डूबने से उसकी मौत हो गई। जैसे ही इसकी खबर परिवार और गांव के लोगों को लगी मौके पर भीड़ जुट गई। पोखरी से विनोद का शव बाहर निकाल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। उधर, पत्नी शकुंतला देवी, बेटे प्रवीण, रंजीत और निखिल का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि पैर फिसलने से विनोद पानी की गहराई में चला गया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।