देवरिया। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर रविवार को जनपद की सातों विधान सभा क्षेत्र में सभी बूथों पर ड्राफ्ट मतदाता सूची का विशेष रूप से प्रकाशन किया गया। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ बूथों पर मौजूद रहे और मतदाताओं को नाम पढ़कर सुना गया। इस दौरान एएसडी (अनुपस्थित, शिफ्टेड व मृतक) मतदाताओं की सूची भी बूथों पर उपलब्ध रही। बड़ी संख्या में लोग बूथों पर पहुंचे, सूची का अवलोकन किया और नाम जोड़ने, हटाने व संशोधन के लिए फार्म भरे। हालांकि कई जगह व्यवस्था सुचारु रही, तो कुछ बूथों पर बीएलओ की गैरहाजिरी या बूथ बंद होने से लोगों को निराश लौटना पड़ा। एएसडीएम अवधेश निगम ने बताया कि जनपद में कुल 17.22 प्रतिशत मतदाता ड्राफ्ट सूची से बाहर हैं।
इनमें 2.79 प्रतिशत मृतक, 3.49 प्रतिशत अनुपस्थित, 9.04 प्रतिशत शिफ्टेड और 1.26 प्रतिशत डुप्लीकेट मतदाता शामिल हैं। बताया गया कि 4,14,799 एएसडी मतदाता यदि प्रमाण प्रस्तुत कर फार्म-6 भरते हैं तो उनका नाम अंतिम प्रकाशन में शामिल हो सकता है।
यह सूची सभी बीएलओ, बीएलए, राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई है और आयोग व मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी आमजन के लिए जारी है। डीएम दिव्या मित्तल ने महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज दानापुर के प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालय स्थित बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने नए युवा मतदाताओं को फार्म-6 वितरित कर मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया। राजनीतिक दलों के बीएलए और पदाधिकारी भी कई बूथों पर पहुंचे और प्रक्रिया में सहयोग किया।
जांच में बीएलओ अनुपस्थित
रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में एसडीएम हरिशंकर लाल के निरीक्षण के दौरान मदनपुर नगर पंचायत के बूथ संख्या 339 (फरीदपुर) पर बीएलओ अनुपस्थित मिलीं। इस पर एसडीएम ने विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए और सुपरवाइजर से बूथ का संचालन कराया गया। रुद्रपुर क्षेत्र में कुल 392 बूथों पर ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन हुआ, जिनमें आठ बीएलओ गैरहाजिर पाए गए। गौरी बाजार विकास खंड में रुद्रपुर और देवरिया विधानसभा के सभी बूथों पर बीएलओ मौजूद मिले। मतदाताओं ने सूची में अपना नाम देखा और नो मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस दी गई। प्रशासन ने इसे मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की नियमित प्रक्रिया बताते हुए लोगों से दावे-आपत्तियां समय पर दर्ज कराने की अपील की है।