-डीएम-एसपी ने करौता गांव पहुंच सैनिक को पुष्पांजलि अर्पित कर परिजनों का बंधाया ढांढ़स
संवाद न्यूज एजेंसी
मईल/भागलपुर। थाना क्षेत्र के करौता गांव निवासी संदीप कुमार सीआरपीएफ के जवान का शव बृहस्पतिवार को झारखंड से हवाई मार्ग से गोरखपुर लाया गया, वहां पर अयोध्या से आए चार दर्जन से अधिक सीआरपी एफ के जवान शव को श्रद्धांजलि देकर पैतृक गांव लेकर पहुंचे। जवान के अंतिम दर्शन करने के लिए जन सैलाब उमड़ गया। परिजनों को रोता देख सभी की आंखें नम हो गई। सूचना पर पहुंची जिलाधिकारी दिव्या मित्तल पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन, एसडीएम सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव, सीओ बरहज विनी सिंह, राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, सांसद प्रतिनिधि रामप्रकाश यादव, मनोज प्रसाद, नायब तहसीलदार गोपालजी, रंजना भारती, बृजेश कुशवाहा सहित आदि नेताओं ने घर पहुंच कर पुष्पांजलि अर्पित किया।
मईल क्षेत्र के करौता गांव निवासी संदीप कुमार गौड़ 27 वर्ष सीआरपीएफ के 209 कोबरा बटालियन में जवान था। मंगलवार को झारखंड के पश्चिमी सिंहभूमि में सीआरपीएफ कैंप नूरधा के पास सारंडा जंगल में एक अग्रिम ऑपरेशन मिशन के दौरान उसे जहरीले सांप ने काट दिया। जिससे उसकी इलाज के दौरान हार्मेस अस्पताल में मौत हो गई। जवान की पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही उसके मां सरस्वती देवी, बहन निभा, भाई रंजीत व मंदीप रोते-रोते बार बार बदहवास हो जा रहे थे। जिलाधिकारी ने उसके मां सरस्वती देवी सहित परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं बदहवास हुई उसकी बहन निभा को लोग समझाने में लगे रहे।
..........
इंसेट-
भागलपुर के काली चरण घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, बाबा ने दी मुखाग्नि
संवाद न्यूज एजेंसी
गांव से शव सरयू घाट के लिए निकला तो परिजनों की चीत्कार से गांव और क्षेत्रीय लोगों की आंखें नम हो गईं। भागलपुर घाट पर शव पहुंचते ही घाट सैनिक के सम्मान में गगनभेदी नारों से गूंज उठा। सैनिक सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर सीआरपीएफ के जवानों ने दिया। लखनऊ से आये सीआरपीएफ के आईजी अनिल कुमार, कमांडेट सतीश कुमार दूबे, असिस्टेंट कमांडेंट धर्मेंद्र यादव सहित जवानों ने पुष्पांजलि अर्पित की।
....
मृतक जवान के बाबा रमाकांत गौड़ ने मुखाग्नि दी।
मृतक जवान तीन भाइयों में दूसरे नम्बर का था। पिता भी सीआरपीएफ में नौकरी करते थे। तीन साल पहले हृदय गति रूकने से उनकी मृत्यु हो जाने के बाद मृतक संदीप को नौकरी मिली थी। बड़ा भाई रंजीत आर्मी में नौकरी करता है। दूसरा भाई मंदीप सिविल की तैयारी करता है। इस दौरान नायब तहसीलदार गोपाल जी, थाना प्रभारी दिलीप सिंह,चौकी प्रभारी दीपक सिंह, शंकर सिंह, शेखर गुप्ता, धनन्जय मणि आदि मौजूद रहे।