संवाद न्यूज एजेंसी देसही देवरिया। हरैया बसंतपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष के निर्माण को रोकवाने के लिए ग्राम प्रधान सहित गांव के लोग मुखर हो गए हैं। बृहस्पतिवार को डीएम दिव्या मित्तल से मुलाकात कर हस्तक्षेप करने की मांग की। डीएम ने मामले की जांच का आश्वासन दिया। देसही देवरिया के हरैया बसंतपुर गांव में प्राथमिक विद्यालय पहले से है। परिसर के अंदर जगह का अभाव है।
यहां शासन से अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए धन जारी हुआ है। निर्माण कार्य शुरू कराने की जानकारी होने के बाद प्रधान सहित विद्यालय प्रबंध समिति और गांव के लोगों ने जगह कम होने की बात कहकर प्रधानाध्यापक से निर्माण कार्य न कराने की मांग की।
लोगों का कहना है कि पहले से ही जगह कम है। ऐसे में नया भवन बनने से बची जगह भी समाप्त हो जाएगी।
इसके बावजूद विद्यालय प्रशासन निर्माण कार्य कराने पर अड़ा हुआ है।
इससे नाराज ग्राम प्रधान मनीषा सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति के अमजद अली, कविता देवी, पूनम देवी, रीता देवी, पूर्व प्रधान रामदरश सिंह, सहदेव, कल्पनाथ, रवि प्रसाद, शिवकुमार, राजू प्रसाद, ध्रुव नारायण सिंह, लल्लन आदि गांव के लोगों के साथ डीएम दिव्या मित्तल से मिलकर संयुक्त हस्ताक्षर युक्त पत्र सौंपकर मामले की जांच कराकर निर्माण कार्य रोकवाने की मांग की। डीएम ने मामले की जांच का आश्वासन दिया।
इससे पहले बुधवार को डीएम से मुलाकात नहीं होने पर मुख्यमंत्री व डीएम के पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराकर निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोकने की मांग मांग की गई थी।