संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के एक गांव की पीड़िता ने मंगलवार को एसपी विक्रांत वीर को प्रार्थनापत्र देकर आरोपी के परिवार वालों और प्रधान पर हत्या कर शव ठिकाने लगाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
हालांकि, आरोपी जेल में है। पुलिस का कहना है कि पीड़िता आरोपी के घर रहने की जिद कर रही है, जो पुलिस के अधिकार क्षेत्र से बाहर है। यदि कोई धमकी देगा तो उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, खुखुंदू क्षेत्र के एक गांव की एक महिला की तबीयत खराब होने पर उसके पति ने दोस्त से उसे दवा ले जाकर देने को कहा था। पति का आरोप है कि दोस्त दगाबाज निकला और उसने दर्द की जगह नशीली दवा खिलाकर महिला के साथ संबंध बनाया और वीडियो बना लिया।
इसके बाद वह लगातार महिला को धमकी देकर उसका यौन शोषण करते रहा। जब इसकी जानकारी पति को हुई तो उसने भी पत्नी को आजाद कर दोस्त के साथ रहने की छूट दे दी।
महिला का आरोप है कि इसके बाद पति का दोस्त शादी का झांसा देकर संबंध बनाता रहा। जब उसने शादी कर घर ले जाने के लिए दबाव डाला तो इन्कार कर दिया। बीच में आरोपी ने मारा-पीटा भी था, फिर भी वह साथ रहने को राजी थी।
जब आरोपी ने साथ रखने से इन्कार कर दिया तो महिला थाने पहुंच पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने जांच-पड़ताल कर आरोपी पर केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजवा दिया। पीड़िता का कहना है कि वह आरोपी के घर रहना चाहती है, मगर आरोपी के परिवार वाले जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़िता का आरोप है कि प्रधान भी आरोपी भी आरोपी के पक्ष में बोल रहे हैं। प्रभारी थानेदार लवकुश कुमार ने बताया कि पीड़िता आरोपी के घर रखवाने की जिद कर रही है, जो उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।