भटनी। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में नीलगायों का झुंड किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। दिन-रात खेतों में घुसकर नीलगाय गेहूं, सरसों, मटर और सब्जी की फसलों को नुकसान पहुंचा रही हैं। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
परेशान किसानों ने शनिवार को एसडीएम सलेमपुर को शिकायती पत्र देकर फसलों की सुरक्षा की गुहार लगाई है। भटनी इलाके में छोटी गंडक नदी के किनारे बसे गांवों में नीलगायों का आतंक है। नीलगायों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दिन में भागकर जंगल और बागों में छिपी रहने वाली नीलगाय रात के अंधेरे में खेतों में धावा बोल देती हैं। कई गांवों में किसान रातभर खेतों की रखवाली करने को मजबूर हैं। इसके बावजूद फसलों को बचा पाना मुश्किल हो रहा है।
किसान संतोष विश्वकर्मा, राजकुमार यादव, अजय दीक्षित, विजय यादव, त्रिवेणी दीक्षित आदि लोगों ने सलेमपुर एसडीएम को ज्ञापन देकर प्रशासन से मांग की है कि नीलगायों से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। संवाद