भटनी। छठ पर्व को लेकर तैयारियों की समीक्षा के लिए सोमवार को तहसीलदार अलका सिंह ने भटनी क्षेत्र के जिगिना मिश्र और नोनापार गांव के छठ घाटों का निरीक्षण किया। घाटों की सही तरीके से सफाई नहीं होने पर नाराजगी जताई और तत्काल सफाई के निर्देश दिए। इसके बाद घाट की सफाई हुई।
तहसीलदार ने मौके पर ही सफाई कर्मियों को फटकार लगाते हुए तुरंत सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ पर्व आस्था का पर्व है। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। उन्होंने ग्राम प्रधानों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व तक सभी घाटों की सफाई पूरी कर ली जाए और कहीं भी गंदगी या जलभराव न रहने पाए। स्थानीय ग्रामीणों ने तहसीलदार की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की पहल से श्रद्धालुओं को अब सुविधा मिलेगी। तहसीलदार अलका सिंह ने बताया कि जिगिना मिश्र और नोनापार गांव से छठ घाट पर अव्यवस्था की शिकायत मिली थी। मौके पर जाकर समस्या का समाधान कराया गया है। संवाद