बरहज। लक्ष्मीपुर गांव में चकनाली पर बनाई जा रही सड़क विवाद में पूर्व अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह की मौत के विरोध में मंगलवार को अधिवक्ताओं ने तहसील कार्यालय में ताला जड़ते हुए प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने तहसीलदार अरुण कुमार का घेराव भी किया।
जबकि सीओ राजेश कुमार चतुर्वेदी से मिलकर दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर विरोध जताया। सभी का कहना था कि साथी अधिवक्ता के परिजनों को न्याय नहीं मिलने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।
तहसील बार संघ अध्यक्ष चंद्रगुप्त यादव और महामंत्री अमरेश यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया। जबकि नारेबाजी करते हुए बवाल काटा। वकीलाें ने न्यायालय और दफ्तरों में ताला जड़ दिया। वहीं तहसीलदार अरूण कुमार का घेराव भी किया।
नारेबाजी करते हुए अधिवक्ता, सीओ कार्यालय पर पहुंचे। वकीलों ने पीड़ित परिवार के सदस्यों द्वारा दिए गये प्रार्थना पत्र के अनुसार दर्ज आरोपियों की गिरफ्तारी, उनके घरों पर बुलडोजर चलाए जाने के साथ उनके अवैध कृत्यों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के साथ घटना की न्यायिक जांच कराने, पीड़ित परिवार को पांच करोड़ रुपये आर्थिक मदद दिलाने, एक सदस्य को सरकारी नौकरी, परिवार के सदस्यों को स्थाई सुरक्षा के अलावा एसडीएम, हलका लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को निलंबित किए जाने की मांग किया।