सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय पर रविवार को श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्याम मित्र मंडल के तत्वावधान में बाबा श्रीखाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ शहर के हनुमानगढ़ी परिसर में जुटने लगी थी। जैसे ही यात्रा प्रारंभ हुई, “हारे का सहारा, बाबा खाटू श्याम हमारा” के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
मंडल के अध्यक्ष सचिन रुंगटा, उपाध्यक्ष दीपू गोयल और कोषाध्यक्ष बिल्लू बंका सहित विक्की अग्रवाल, निशांत गुप्ता, ऋषभ टिबड़ेवाल, गितेश संगनीरिया, मुकेश रुंगटा और ऋषभ अग्रवाल की देखरेख में निकली यह यात्रा हनुमानगढ़ी से प्रारंभ होकर सिद्धार्थ तिराहा होते हुए स्टेशन रोड स्थित श्रीराम जानकी मंदिर पहुंची। वहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा आगे बढ़ी और पंजाब नेशनल बैंक तक पहुंचकर पुनः हनुमानगढ़ी लौटते हुए संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
यात्रा में सुसज्जित रथ पर विराजमान बाबा की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। रंग-बिरंगे फूलों और विद्युत सज्जा से सजे रथ को देखने के लिए लोग घरों और दुकानों के बाहर खड़े नजर आए। भजन-कीर्तन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत श्याम भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। महिलाओं की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सिर पर निशान लिए कतारबद्ध चलती महिलाओं ने यात्रा को और भी भव्य बना दिया। अबीर-गुलाल से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर दिखा। पूरे मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
यात्रा में अजय जायसवाल, सोनू टिबड़ेवाल, मोना गोयल, सुनीता टिबड़ेवाल, श्वेता गोयल, कंचन टिबड़ेवाल, निर्मला बंका, बबिता बंका, गुड्डी अग्रवाल, नीता गोयल, कविता गुप्ता, शालिनी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।