संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर (देवरिया)। संजीवा सिंह आर्चरी एकेडमी कन्हौली रुद्रपुर में शनिवार को भारी बारिश के बीच उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ की ओर से आयोजित अंडर-10 और अंडर-13 चैंपियनशिप का शुभारंभ शनिवार को हुआ। उद्घाटन केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, सीएम के सलाहकार व यूपी तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अवनीश अवस्थी ने तीर से निशाना साध कर किया। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे। सोमवार को समापन होगा।
अवनीश अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में पहली बार तीरंदाजी का इतना सिस्टमेटिक, साइंसटिफिक और टेक्निक युक्त प्रशिक्षण देखने को मिल रहा है। संजीवा सिंह आर्चरी एकेडमी बेहतर कार्य कर रही है। भविष्य में ओलंपिक, नेशनल व एशियन गेम्स में यहां से पदक आएंगे। प्रदेश में खेल के माध्यम से एक हजार से अधिक लोगों ने पुलिस में नौकरी पाई है।
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा और बांसगांव लोकसभा क्षेत्र में तीरंदाजी की बेहतरीन एकेडमी खोलने के लिए संजीव बधाई के पात्र हैं। यहां पर देश का भविष्य गढ़ा जा रहा है, जो बांसगांव लोकसभा वासियों के लिए गौरव का विषय है।
इससे पूर्व ओलंपियन संजीव सिंह ने सभी का स्वागत किया। उद्घाटन सत्र के दौरान रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री विधायक जयप्रकाश निषाद, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह, ओलंपियन आचार्य वेद कुमार, एसडीएम हरिशंकर लाल, बीडीओ एजाज अहमद, डॉ. मधु सिंह आदि मौजूद रहीं।