खुखुंदू। एसपी संजीव सुमन ने बृहस्पतिवार को खुखुंदू थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। दोपहर बाद यहां पहुंचे एसपी ने सबसे पहले थाना परिसर, अभिलेखों, मालखाना, हवालात, आरक्षी बैरक, भोजनालय, शस्त्रागार, महिला सहायता कक्ष, बीट सूचना रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, मिशन शक्ति केन्द्र आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। फिर उसके रख-रखाव और अभिलेखों के अद्यतन स्थिति की भी विस्तृत रूप से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया।
एसपी ने निरीक्षण के दौरान एसओ दिनेश कुमार मिश्र और थाने के समस्त पुलिसकर्मियों को थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के समुचित रख-रखाव, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा जनता से व्यवहार में पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाने का प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहे और जनसामान्य की समस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरते। इसके अलावा एसपी ने लंबित विवेचनाओं, वारंटों, शांति भंग की कार्यवाही, बीट सूचना प्रणाली और जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विवेचक को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से विवेचना सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि पीड़ितों को यथा शीघ्र न्याय मिल सके। फिर एसपी ने थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी विस्तृत रूप से जानकारी ली। उन्होंने मातहतों को नियमित रूप से गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी, तथा ग्राम चौपालों के माध्यम से जनता से संवाद बनाए रखने का निर्देश दिया। इस दौरान सीओ सलेमपुर मनोज कुमार भी मौजूद रहे।