देवरिया। जनपद में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली के वृहद पुनरीक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने संशोधित समय-सारिणी जारी कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट व जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) दिव्या मित्तल ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में पूर्व में जारी सार्वजनिक सूचना में संशोधन करते हुए नया कार्यक्रम घोषित किया है।
निर्देशों के अनुसार दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित पांडुलिपियों की तैयारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा करना तथा संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन व निस्तारण की कार्यवाही 20 फरवरी तक की जाएगी।
इसके बाद पूरक सूचियों के कंप्यूटरीकरण की तैयारी, उन्हें मूल मतदाता सूची में समाहित करने तथा आवश्यकता अनुसार मतदान केंद्रों और स्थलों के निर्धारण का कार्य 21 फरवरी से 16 मार्च तक संपन्न होगा।
मतदाता सूचियों के कंप्यूटरीकरण के बाद मतदान केंद्रों का क्रमांकन, वार्ड मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, सूची की डाउनलोडिंग व फोटो प्रतियों की तैयारी 17 मार्च से 27 मार्च तक की जाएगी। निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 28 मार्च को होगा।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, उप-निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व खंड विकास अधिकारियों को कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। पुनरीक्षण अवधि में सार्वजनिक अवकाशों पर भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और समय-सीमा में किसी प्रकार का विस्तार नहीं किया जाएगा।