देवरिया जेल लाए गए पूर्व आईपीएस
- फोटो : अमर उजाला
औद्योगिक एस्टेट पुरवां में पत्नी के नाम में हेरफेर कर जमीन आवंटित कराने के आरोपों का सामना कर रहे पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर, जिनका लखनऊ के एसजीपीजीआई में इलाज चल रहा था, शुक्रवार की देर शाम देवरिया जिला कारागार वापस दाखिल कर दिए गए। स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
अमिताभ ठाकुर बीते 11 दिसंबर से जिला कारागार में बंद हैं। सीजेएम कोर्ट में कई बार सुनवाई के बावजूद उन्हें जमानत नहीं मिली। इसी बीच, छह जनवरी की रात में उनकी तबियत अचानक खराब हो गई। सीने में दर्द की शिकायत के चलते उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया में भर्ती कराया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अमिताभ ठाकुर को हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में भर्ती कराया गया। वहां भी इलाज के बावजूद जब सुधार नहीं हुआ, तो उन्हें एक बार फिर हायर सेंटर रेफर किया गया। आखिरकार, उन्हें पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां लगातार इलाज के बाद उनका स्वास्थ्य ठीक हो गया।
स्वास्थ्य लाभ के बाद, शुक्रवार को पीजीआई लखनऊ से उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद पुलिस उन्हें लेकर देवरिया जिला कारागार पहुंची, जहां उन्हें वापस जेल में दाखिल कर लिया गया। अमिताभ ठाकुर के अधिवक्ता प्रवीण द्विवेदी ने बताया कि स्वास्थ्य ठीक होने के बाद उन्हें पीजीआई से छुट्टी मिल गई थी और वह शुक्रवार की देर शाम देवरिया जिला कारागार पहुंच गए हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनके खिलाफ वाराणसी में दर्ज प्राथमिकी के मामले में स्थानीय कोर्ट ने जमानत दे दी है। अब देवरिया के सेशन कोर्ट में जमानत की अर्जी दाखिल की जाएगी।