देवरिया। जिला क्षय रोग केंद्र देवरिया की ओर से टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत आंबेडकर नगर में शुक्रवार को एक्स-रे स्क्रीनिंग शिविर लगाया गया।
इसमें 100 लोगों की एक्स-रे जांच की गई। जांच के दौरान टीबी के लक्षण मिलने पर 20 लोगों के बलगम के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर विश्वजीत ओझा ने बताया कि दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी रहना, बलगम में खून आना, लगातार बुखार, रात में अधिक पसीना आना, वजन घटना और भूख कम लगना टीबी के प्रमुख लक्षण हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर बिना देर किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला क्षय रोग केंद्र में निशुल्क जांच करानी चाहिए। समय पर पहचान और नियमित उपचार से टीबी पूरी तरह ठीक हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों से टीबी के लक्षणों को नजरअंदाज न करने तथा समय पर जांच और उपचार कराने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में वार्ड के सभासद ने स्वास्थ्य विभाग की टीम का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों से लोगों को घर के पास ही जांच की सुविधा मिलने के साथ टीबी के रोकथाम के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है।