देवरिया। पराविधिक स्वयंसेवकों (अधिकार मित्र) के लिए क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ रविवार को दीवानी कचहरी के सभागार में हुआ। इस दौरान पराविधिक स्वयंसेवकों को पुरस्कृत भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष धनेंद्र प्रताप सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव और अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार तिवारी, डीएम दिव्या मित्तल, एएसपी आनंद कुमार पांडेय ने फीता काटकर और मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इसके बाद जनपद न्यायाधीश ने विभिन्न जनपदों एवं देवरिया के पराविधिक स्वयंसेवकों को स्मृति चिह्न देकर श्रेष्ठ पराविधिक स्वयंसेवक के रूप में पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान जनपद न्यायाधीश धनेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि समाज के हर व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में पराविधिक स्वयंसेवकों की भूमिका बहुत अहम है। उन्होंने कहा कि पराविधिक स्वयंसेवक समाज के कमजोर वर्गों के लोगों को शिक्षित करें, ताकि वे अपने अधिकार के बारे में जागरूक हो सकें।
जिलाधिकारी देवरिया दिव्या मित्तल द्वारा ने कहा कि पराविधिक स्वयंसेवकों से न केवल कानूनों और न्यायिक प्रणाली के बारे में जागरूकता फैलाने की अपेक्षा की जाती है, बल्कि उन्हें मूल स्रोत पर ही पक्षों के बीच साधारण विवादों को परामर्श देने और सौहार्दपूर्ण रूप से निपटाने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाना चाहिए। संवाद