पैमाइश के दौरान लोगों से जानकारी लेती राजस्व टीम
जमीन पर आधा दर्जन लोगों का अतिक्रमण, स्थायी निदान कराने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बरहज/कपरवार। डीएम दिव्या मित्तल के निर्देश पर शनिवार को राजस्व टीम ने कपरवार स्थित रुद्रपुर और रामजानकी मार्ग से सटे रामलीला मैदान की जमीन का चिंहांकन किया। जिससे अवैध रुप से कब्जा करने वालों में खलबली रही। उक्त जमीन पर करीब आधा दर्जन लोगों का स्थाई और अस्थाई रुप से अवैध कब्जा है।
कपरवार गांव में 47 डिस्मिल जमीन रामलीला मैदान के नाम दर्ज है। जिस पर प्रत्येक वर्ष रामलीला मंचन किया जाता है। लोगों के अनुसार रामलीला मैदान पर चारों ओर से कुछ लोगों का कब्जा है। शिकायत पर एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में नायब तहसीलदार रवींद्र कुमार मौर्य, कानूनगो सुनील कुमार, राजेंद्र प्रसाद, लेखपाल योगेंद्र कुमार, आशुतोष और अर्जुन की टीम ने पुलिस के साथ जमीन का चिहांकन किया। टीम ने घंटों जरीब गिराने के बाद जाकर निशान लगाया। लोगों का कहना था कि जमीन पर करीब दो दर्जन से अधिक बार पैमाइश किया जा चुका है। लेकिन आज तक अतिक्रमण खाली नहीं हो सका है। मौके पर देवेश चंद्र सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रहलाद गुप्त, मनसोक कुमार, दीपक यादव आदि मौजूद रहे।
कोट-
रामलीला मैदान की जमीन पर कुछ लोगों का अवैध रुप से अतिक्रमण है। टीम लगाकर जमीन की पड़ताल कराई गई है। लोगों द्वारा स्वेच्छा से कब्जा खाली नहीं करने पर पुलिस बल लगाकर कब्जा खाली कराते हुए स्थाई निदान निकाला जायेगा।
विपिन कुमार द्विवेदी एसडीएम, बरहज