देवरिया। जनपद की 76 ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/एकाउंटेंट कम डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएम दिव्या मित्तल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि चयन के लिए विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि पंचायत सहायकों के माध्यम से ग्राम सचिवालयों का संचालन सुचारु रूप से किया जा रहा है, जहां जन सेवा केंद्रों के जरिये ग्रामीणों को आय, जाति, निवास सहित करीब 280 प्रकार की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) की ऑनलाइन फीडिंग में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
डीएम ने बताया कि कुछ स्थानों पर सहायकों के त्यागपत्र देने अथवा अनुपस्थित रहने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। ऐसे में रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे ग्राम सचिवालयों की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।
पांच मई तक कर सकेंगे आवेदन : कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थी पांच मई तक ग्राम पंचायत, विकास खंड कार्यालय एवं जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। छह से 11 मई तक प्राप्त आवेदन संबंधित ग्राम पंचायतों को भेजे जाएंगे।
इसके बाद 12 से 19 मई के बीच मेरिट सूची तैयार कर प्रशासनिक समिति से अनुमोदन लिया जाएगा और 20 से 26 मई तक डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति की ओर से परीक्षण किया जाएगा। अंततः 27 से 29 मई के बीच चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।