भाटपाररानी। पुलिस की सक्रियता से जालसाजी के शिकार हुए क्षेत्र के दो खाताधारकाें के खाते में उनके रुपये वापस आ गए हैं। साइबर अपराधियों पर नकेल कसने की कवायद का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी दिखने लगा है। कुछ दिन पहले स्थानीय थाना क्षेत्र के दो खाताधारकों के जालसाजों ने रुपये उड़ा लिए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर सेल के माध्यम से रुपये लौटवा दिए।
थाना क्षेत्र के चनुकी निवासी मीरा देवी पत्नी शिवानंद के भारतीय स्टेट बैंक के खाते से जालसाजों ने दो अप्रैल को 28,200 रुपयेे व बनकटा अमेठिया के टोला मंझरिया निवासी विकास के एचडीएफसी बैंक के खाता से 50,008 रुपये उड़ा लिए थे। खाताधारकाें ने 1930 पर शिकायत दर्ज कर पुलिस को जानकारी दी।
साइबर सेल टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक दुर्गेश बरनवाल ने धन वापसी के लिए प्रयास शुरू कर दिया। बैंक से संबंध स्थापित कर ट्रांसफर की गई धनराशि के खाते से संबंधित तीन अन्य खातों को फ्रिज कर रुपये रिकवरी के लिए प्रयास शुरू कर दिए। फ्रिज खातों में उपलब्ध धनराशि को मूल खाताधारक के खाता में वापसी के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इससे खाताधारकाें के रुपये मिल गए। संवाद