बरहज। नगर के बीआरडीबीडी पीजी कालेज गेट से रेलवे स्टेशन जाने वाली जर्जर सड़क का नए सिरे से निर्माण को मंजूरी मिल गई है। करीब दो करोड़ की लागत से इस मार्ग की तस्वीर बदलने की योजना है। नई सड़क सीमेंट और कंक्रीट से बनाई जाएगी। जल निकासी के लिए नाली निर्माण के अलावा पथ प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइट भी लगेगी।
आश्रम गेट स्थित रेलवे स्टेशन तिराहा मार्ग पूरी तरह से टूट गया है। जिससे लोगों काे दिक्कत हो रही है। करीब चार वर्ष पूर्व रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर सफीउल्ला अंसारी और तत्कालीन ईओ चंद्रकृष्ण पांडेय ने सड़क का सर्वे कराया था।
लेकिन रेलवे की तरफ से एनओसी नहीं मिलने से योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी। नगर पालिकाध्यक्ष श्वेता जायसवाल ने वाराणसी में रेलवे के उच्चाधिकारियों से मिलकर लोगों की दुश्वारियों से अवगत कराया।
इसके बाद रेलवे ने इस पर एनओसी दे दी। सड़क निर्माण के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिलने और धन अवमुक्त होने पर नगरपालिका की ओर से टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करा लिया गया है। अब जल्द ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
एक करोड़ से रेलवे तिराहा से स्टेशन और क्रासिंग तक सीसी रोड, 90 लाख रुपये से सड़क के दक्षिणी पटरी पर पक्की नाली, स्लैब का निर्माण कराया जाएगा। शेष धनराशि स्ट्रीट लाइन लगाने में खर्च होगी।