दिव्यांगों ने सिविल लाइंस रोड पर मागों को लेकर प्रदर्शन किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। विश्व दिव्यांग दिवस पर शनिवार को दिव्यांगों ने 1500 रुपये पेंशन करने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। वे हाथों में दिव्यांगों से जुड़े स्लोगन लिखी तख्तियां लिए थे और नारेबाजी कर रहे थे। कलेेक्ट्रेट में दोपहर बाद पहुंचे दिव्यांगों ने डीएम समेत अन्य अधिकारियों के नहीं मिलने पर नाराजगी जाहिर की।
दिव्यांग सुबह जिला अस्पताल परिसर में एकत्र हुए। वहां से राष्ट्रीय दिव्यांग संघ के अध्यक्ष प्रभात दीक्षित की अगुवाई में प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। अध्यक्ष प्रभात दीक्षित ने कहा कि दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने में कोताही बरती जा रही है। बड़ी संख्या में दिव्यांगों के पेंशन के आवेदन पत्र लंबित हैं। उन्हें पेंशन नहीं मिल पा रहा है। दूसरे प्रदेशों में दिव्यांगों को 1500 रुपये पेंशन दिया जा रहा है लेकिन यूपी में महज 300 रुपये ही पेंशन मिल रहा है।
सरकार दिव्यांगों के प्रति संवेदनहीन बनी है। महंगाई के जमाने में 300 रुपये से कैसे काम चलेगा। प्रमुख मांगों में सांसद, विधायक कोटे में दिव्यांग का आरक्षण शामिल करने, राशन कार्ड प्रमुखता से बनाने आदि शामिल है। प्रधानमंत्री को संबोधित मांगपत्र प्रशासनिक अधिकारी को दिया। इस मौके पर सत्येंद्र यादव, हरीलाल, विजय कुमार, अजहरूल हक, चंदन तिवारी आदि मौजूद रहे।