प्रधान डाकघर में रूपये नहीं बदले जाने से नाराज लोगों ने सिविल लाइंस रोड पर प्रदर्शन कर विरोध जताया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। डाकघर में रुपये नहीं मिलने से खाताधारकों का धैर्य जवाब दे गया। नारेबाजी करते हुए सड़क पर उतर आए। आधा घंटे तक कचहरी जाने वाले मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। ट्रैफिक पुलिस के हस्तक्षेप के बाद शाम 4.30 बजे जाम समाप्त हुआ। रामपुर गौनरिया में रुपये नहीं मिलने से लोग भड़क उठे। नाराज लोगों ने कर्मचारियों को खरी-खोटी सुनाई।
शहर के सिविल लाइंस स्थित प्रधान डाकघर में शुक्रवार को चैनल खुलते ही लोगों के आने का सिलसिला शुरू हुआ। कुछ देर बाद यह संख्या सैकड़ों में पहुंच गई। काउंटर पर कतार में खड़ा होने के बाद कुछ लोगों की हालत बिगड़ गई। कुुछ लोग दोपहर के समय लौट गए। लगभग पौने चार बजे उपभोक्ताओं ने पोस्ट मास्टर से रकम वितरित होने का समय पूछा। संतोषजनक जवाब नहीं देने से कतार में खड़े युवा भड़क उठे।
जय सिंह, गुड्डू, रवि प्रसाद, सोनू, विक्की, चंद्रशेखर, बीबी लाल, अजय आदि नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट पर आ गए और सड़क पर उतर कर नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ देर बाद वाहनों की कतार लग गई। जानकारी मिलते ही ट्रैफिक सिपाही पहुंचे और समझाने की कोशिश की। हालांकि युवा अपनी मांग पर अड़े गए। ट्रैफिक दरोगा पहुंचे और युवाओं को मनाया।
इसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सकी। उधर, रामपुर गौनरिया में एसबीआई की शाखा में शुक्रवार को सैकड़ों लोग पहुंचें थे। रुपये नहीं मिलने पर खाताधारकों ने कर्मचारियों से जानकारी मांगी। सही जवाब नहीं देने पर खाताधारक उखड़ गए। शाखा प्रबंधक ने बताया कि करेंसी नहीं मिलने से भुगतान नहीं हो पा रहा है।