मेडिकल कॉलेज कांड : स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा एक मेडिकल कॉलेज के एक सुरक्षाकर्मी पर गहराया शक
-पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर अशोक के बारे में सूचना देने के लिए चस्पा कराया पोस्टर
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। महाराष्ट्र के अशोक गावंडे की (61) की हत्या के मामले में सर्जिकल वार्ड में भर्ती मरीजों के बयान दर्ज होने के बाद पुलिस की जांच की दिशा बदल गई है। मरीजों के बयान और सीसीटीवी फुटेज से मिले साक्ष्य वारदात में शामिल आरोपियों तक पहुंचाने में मददगार बना है। वहीं कोतवाली पुलिस और स्वाॅट टीम बार-बार मेडिकल कॉलेज में पहुंच रही है। पुलिस ने शनिवार को अशोक की हत्या से जुड़ी गोपनीय जानकारी देने के लिए शहर में सौ से अधिक स्थानों पर पोस्टर चस्पा कराए हैं। स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा मेडिकल कॉलेज कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों पर पुलिस का शक गहराता जा रहा है। पुलिस जल्द वारदात का पर्दाफाश कर सकती है।
महाराष्ट्र के रहने वाले अशोक गावंडे इलाज कराने के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में 27 सितंबर को आए थे। सर्जिकल वार्ड से अचानक रात को वह लपता हो गए। छह अक्तूबर को उनका शव मेडिकल कॉलेज के छत पर पानी की टंकी में मिली थी। अशोक की पत्नी अनीता उर्फ तनु और गोरखपुर के हुमायुंपुर दक्षिणी के रहने वाले साले प्रफुल्ल देवरिया मोर्चरी हाउस पहुंचकर शव की पहचान किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के बाद गोरखपुर ले जाया गया जहां राप्ती किनारे राजघाट में उनकी पत्नी ने दाह संस्कार किया। साले की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया। घटना के पर्दाफाश में सदर कोतवाल विनोद सिंह के अलावा दो स्वाट टीम लगी है, पुलिस को सीसी टीवी फुटेज से जो साक्ष्य मिला था, उस एंगल पर जांच कर रही थी, लेकिन वार्ड में 25 से लेकर 28 सितंबर तक भर्ती मरीजों व उनके साथ मौजूद तीमारदारों का बयान दर्ज करने के बाद पुलिस की जांच की दिशा बदल गई है, लेकिन वारदात स्थल मेडिकल कॉलेज का भवन ही है। इसमें कुछ सुरक्षाकर्मी पुलिस के रडार पर आ गए हैं, बार-बार पुलिस और स्वाट टीम मेडिकल कॉलेज और पानी टंकी के पास पहुंच रही है। शनिवार को पूरे दिन स्वाट टीम मेडिकल कॉलेज में जमी रही। पुलिस ने शहर में 100 से अधिक स्थानों पर पोस्टर चस्पा कराया है। इसमें लिखा है कि अशोक गावंडे की हत्या से जुड़ी किसी को भी कोई जानकारी हो तो वह कोतवाल के मोबाइल नंबर या कोतवाली आकर दे सकता है। उसका नाम व पता गोपनीय रखा जाएंगा। वार्ड में भर्ती नौ मरीजों का बयान शनिवार को कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया। सूत्रों की माने तो पुलिस ध्यान भटकाने के लिए पोस्टर लगवाई है,पुलिस के हाथ जो तथ्य लगे हैं वह अशोक के कातिलों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त है। कड़ियों को जोड़ने के बाद पुलिस जल्द घटना का पर्दाफाश कर सकती है।
पुलिस की गाड़ी देख उड़ जा रही चेहरे की रंगत
-घटना के बाद पुलिस का मेडिकल कॉलेज में आना-जाना बढ़ गया है, पुलिस की जब गाड़ी मेडिकल कॉलेज कैंपस में इंट्री कर रही तब कुछ स्वास्थ्यकर्मियों के चेहरे की रंगत उड़ जा रही है। वार्ड में भर्ती अशोक जिस रात को गायब हुआ था, उस रात ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों से पुलिस अलग-अलग पूछताछ कर चुकी है। घटना के पर्दाफाश में पुलिस किसी तरह से चूक नहीं करना चाहती है, ताकि पर्दाफाश पर कही से कोई सवाल न उठे।
-
-पुलिस घटना के पर्दाफाश में लगी है, जो क्लू मिले हैं, उससे जुड़े तथ्य जुटा रही है। घटना में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस एक-एक पहलुओं पर काम कर रही है। वार्ड में उस दिन भर्ती मरीजों से भी जानकारी ली जा रही है।
संजय रेड्डी, सीओ सिटी