रुद्रपुर में आयोजित राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान करते एसडी
रूद्रपुर (देवरिया)। रामजी सहाय पीजी कॉलेज के इनडोर स्टेडियम में स्व. विंध्याचल प्रसाद गुप्त की स्मृति में आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का खिताब मुबारकपुर के अजीत और कासिम की जोड़ी ने जीत लिया है। बृहस्पतिवार रात खेले गए फाइनल मुकाबले में इस जोड़ी ने कैंपियरगंज के जानिश और आदर्श की जोड़ी को सीधे सेटो में 23-22 व 21-14 से हरा दिया।
बृहस्पतिवार रात सेमीफाइनल और फाइनल मैच हुए। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में कैंपियरंगज के जानिश और आदर्श की जोड़ी ने रूद्रपुर के आशीष रस्तोगी व किशन वर्मा को कड़े संघर्ष में 24-22 और 21-14 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में मुबारकपुर के अजीत और कासिम की जोड़ी ने खैराबाद के दानिश और शहनवाज की जोड़ी को 21-15 और 21-7 से हराकर निर्णायक मुकाबले में जगह बनाई।
तृतीय स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में खैराबाद के दानिश और शहनवाज ने रूद्रपुर के आशीष रस्तोगी व किशन वर्मा की जोड़ी को 23-21 और 21-11 से हरा दिया। फाइनल मुकाबले में मुबारकपुर की अजीत और कासिम की जोड़ी ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन कर कैंपियरगंज के जानिश और आदर्श की जोड़ी को 23-22 और 21-14 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मुकाबले का शुभारंभ एसडीएम हरिशंकर लाल ने फीता काटकर किया। समापन समारोह में आयोजकों द्वारा विजेता टीम को 11 हजार रुपये, उपविजेता टीम को 5100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 2500 रुपये नकद, ट्रॉफी और व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन तारकेश्वर विश्वकर्मा ने किया। रेफरी की भूमिका अभिषेक पटेल और चंदन ने निभाई। इस अवसर पर आयोजन समिति के छठेलाल निगम, राणा प्रताप सिंह, सूरज, दिलीप जायसवाल, प्रेम तिवारी, डीके जायसवाल, सत्यप्रकाश गुप्ता, रामप्रवेश भारती, विजय विश्वकर्मा, सूरज चौरसिया, रमेश कुमार, राकेश कुमार, पवन कुमार, लक्ष्मण सिंह, विजय यादव, अंकित मणि आदि मौजूद रहे।