देवरिया। देवरिया खास के चौरसिया चौक बरई टोला में इकलौते बेटे ने बुधवार को चाकू से गोदकर मां की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मकान में ताला बंद करके भाग गया। पड़ोस में रहने वाले मायके के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गईं हैं।
कुशीनगर जिले के कसया नगर पंचायत की रहने वाली अंजना जायसवाल (45) पत्नी स्व. हरिश्चन्द्र जायसवाल देवरिया खास के चौरसिया चौक बरई टोला वार्ड में स्थित मायके में मकान बनवा कर रह रहीं थीं। वह रुद्रपुर के बेरौना में सन साइन नाम के स्कूल में पढ़ातीं थीं। बताया जा रहा है कि अंजना का इकलौता बेटा दीपक उर्फ हिमांशु से नशे का आदी है और नशे के लिए रुपये की मांग करते हुए मां से अक्सर झगड़ा करता था। बताया जा रहा है कि बुधवार की सुबह भी मां-बेटे में झगड़ा हुआ। दीपक ने चाकू से गोदकर मां की हत्या कर दी। स्कूल ने आने की सूचना पर पहुंचे मायके के लोगों ने घर में ताला बंद देखा तो शक हुआ। ताला तोड़कर घर में घुसे तो अंजना की खून से लथपथ लाश पड़ी देखी। पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर ने कहा कि सदर कोतवाली के देवरिया खास में महिला की खून से लथपथ लाश पाई गई। शव के पास से खून से सना चाकू मिला है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी बेटे की गिरफ्तारी को एसओजी, पुलिस व सर्विलांस की टीम लगाई गई है।