हर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज के औषधि वितरण केंद्र पर लगी रोगियों और तीमारदारों की भीड़
देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में सोमवार को बढ़ी संख्या में मरीज पहुंचे। ओपीडी में नवीन पंजीकरण के मामले में मेडिकल कॉलेज 3129 मरीजों के साथ प्रदेश के 22 मेडिकल कालेजों में पहले स्थान पर रहा।
वहीं 2762 मरीजों के साथ इटावा मेडिकल यूनिवर्सिटी दूसरे और 2366 मरीजों के साथ जौनपुर मेडिकल कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। सुबह 8 बजे ओपीडी खुलते ही पंजीकरण काउंटरों पर मरीजों और उनके तीमारदारों की लंबी लाइनें लग गईं।
पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टरों के कक्ष, दवा काउंटर और पैथोलॉजी जांच केंद्रों तक भीड़ रही। जनरल मेडिसिन व बाल रोग विभाग में मौसमी बीमारियों, बुखार, सर्दी-खांसी और पेट के संक्रमण से पीड़ित मरीज सबसे अधिक पहुंचे।
अस्थि रोग विभाग, स्त्री व प्रसूति रोग विभाग, बाल रोग विभाग, नेत्र रोग विभाग में बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे।
टीबी व श्वास रोग विभाग, मनोरोग विभाग, दंत रोग विभाग में भी लंबी कतार लगी रही। एक्सरे सेंटर पर दोपहर एक बजे तक 120 मरीजों का एक्सरे हो चुका था। वहीं सिटी स्कैन सेंटर में आंकड़ा 60 मरीज के पार चला गया था।