रुद्रपुर। गोर्रा और राप्ती नदी का जलस्तर तेजी से खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। गोर्रा नदी 24 घंटे में 30 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी कर शनिवार को 67.20 मीटर पर पहुंच गई।
राप्ती नदी का जलस्तर 66.55 मीटर पर है। दोनों नदियां लाल निशान 70.50 मीटर से लगभग तीन मीटर नीचे बह रही हैं।
गोरा नदी के तेजी से ऊपर आने से पिंडरा पुल के अप्रोच पर दबाव बढ़ने लगा है। कपरवार घाट स्थित पुल क्षतिग्रस्त होने से बड़ी गाड़ियां पिंडरा पुल से होकर गुजर रही हैं।
इस कारण इस मार्ग पर गाजीपुर वाराणसी जाने वाली बड़ी गाड़ियों का लोड बढ़ गया है। दोनों नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ने और पुल क्षतिग्रस्त होने से एप्रोच के कटान का खतरा बना हुआ है।
दोआबा और कछार के 116 गांवों में कोहराम मचाने वाली राप्ती और गोर्रा नदियों का बढ़ता जलस्तर बांधों पर दबाव बनाने लगा है। गोर्रा नदी नारायणपुर में भी दबाव बना रही है। भारी बारिश में रुद्रपुर-नारायनपुर मार्ग पर रेन कट बन जाने से परेशानी हो रही है।
ग्रामवासी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि रुद्रपुर से नारायणपुर होकर असवनपार तक जाने वाली पीडब्ल्यूडी की सड़क पर 10 जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। कापरवार मार्ग बंद होने से इस मार्ग से होकर दिन-रात ट्रक आ जा रहे हैं। दो नदियों के बीच बसे इस क्षेत्र में नदियों का जलस्तर बढ़ने से मुख्य मार्ग के अवरुद्ध होने का खतरा बना है।
उन्होंने सीडीओ राजेश सिंह को प्रार्थना पत्र देकर मुख्य मार्ग को ठीक करने की मांग की। सीडीओ ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कटान स्थल और क्षतिग्रस्त मार्ग को ठीक करने का निर्देश दिया।