तरकुलवा। थाना क्षेत्र के बसंतपुर धूसी गांव में मेहंदी का रंग फीका होने से पहले ही नवविवाहिता का सुहाग उजड़ गया। मंगलवार देर शाम में बुआ के घर से लौटते समय पति विद्यानंद कुशवाहा की सड़क हादसे में मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम में शव गांव आया तो चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। पत्नी बबीता सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटी गंडक नदी के गंगाधर बाबा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
नगर पंचायत तरकुलवा के ग्राम बसंतपुर धूसी वार्ड 15 अशोक नगर के रहने वाले दिनेश कुशवाहा के दो बेटे रंजीत कुशवाहा व विद्यानंद कुशवाहा उनके साथ अहमदाबाद व गुजरात में ठेके का काम करते थे।
विद्यानंद की शादी में परिवार के लोग अहमदाबाद से घर आए थे। 2 दिसंबर को विद्यानंद का तिलक और 7 दिसंबर को शादी थी। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गौर कोठी गांव के मोतीलाल कुशवाहा की बेटी बबीता से धूमधाम से विवाह हुआ था।
मंगलवार को विद्यानंद अपने बुआ के घर बघौचघाट थाना क्षेत्र के सेमरी गया था। वहां से लौटते समय गांव से पांच किमी दूर बंजरिया-तरकुलवा मार्ग पर बेलही कुटी के सामने उसकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। विद्यानंद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।