बीडीओ का वाहन फूंकने वाला गिरफ्त आरोपी।स्रोत-सोशल मीडिया
- फोटो : Samvad
नेबुआ नौरंगिया। रामपुर खुर्द गांव में किराये के मकान में रह रहे नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के बीडीओ रामखेलावन राम के दो चार पहिया वाहनों को फूंकने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि यह पूरी साजिश गांव की ही रहने वाली बीडीओ की रसोइया की बेटी के प्रेमी ने रची थी।
पुलिस के मुताबिक गांव की रसोइया के बाहर चले जाने पर उसकी बेटी बीडीओ के यहां काम करने जाती थी। युवती का गांव के ही धर्मेंद्र यादव से प्रेम संबंध था। धर्मेंद्र लगातार युवती पर बीडीओ के घर काम छोड़ने का दबाव बना रहा था। लेकिन न तो युवती उसकी बात मान रही थी और न ही उसकी मां। इससे बौखलाए युवक ने खतरनाक रास्ता चुन लिया।
पेट्रोल लेकर पहुंचा, दोनों गाड़ियों को बनाया निशाना : वारदात वाले दिन धर्मेंद्र यादव गोरखपुर से घर लौटा। परिजनों से शादी समारोह में जाने की बात कहकर शाम को निकला और सरेह में छिप गया। देर रात वह बोतल में पेट्रोल लेकर बीडीओ के आवास के बाहर पहुंचा और उनकी निजी कार के साथ सरकारी वाहन को आग के हवाले कर दिया। आधी रात लगी आग से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने सर्विलांस की मदद से सोमवार को मामले का पर्दाफाश किया। आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मोबाइल बातचीत से खुला राज : खड्डा सीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान युवती और धर्मेंद्र के बीच मोबाइल पर हुई बातचीत अहम सुराग बनी। दोनों के बीच बीडीओ के यहां काम करने को लेकर कई बार तीखी नोकझोंक हुई थी। पुलिस ने धर्मेंद्र समेत कई मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए, जिसके बाद वारदात की परतें खुलती चली गईं।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह नहीं चाहता था कि उसकी प्रेमिका बीडीओ के घर काम करे। जब युवती ने काम छोड़ने से इनकार कर दिया तो उसने बीडीओ को ही गांव से भगाने की साजिश रच डाली।