कुशीनगर। शहर के छावनी में संचालित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद शुक्रवार को प्रसूता की मौत हो गई। इसको लेकर तीमारदारों ने हंगामा किया और ऑपरेशन मेंं लापरवाही का आरोप लगाया। सीएमओ के निर्देश पर जांच कर रही तीन सदस्यीय टीम ने अस्पताल संचालक से ऑपरेशन करने वाले टीम में शामिल डॉक्टरों और इलाज की बीएचटी मांगा है। इसके अवलोकन के बाद टीम बयान दर्ज करेगी।
सेवरही नगर पंचायत के वार्ड नंबर-18 दीनदयाल नगर निवासी अमित राय की पत्नी स्मिता राय(28) को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन बृहस्पतिवार की रात उसे लेकर शहर के छावनी में संचालित एक निजी अस्पताल में लाकर भर्ती कराया। ऑपरेशन के बाद महिला ने जुड़वे बच्चे को जन्म दिया। शुक्रवार को सुबह परिजन मिलने गए तो हालत गंभीर बताकर वर्कर रेफर करने लगे। परिजन जब स्मिता के पास गए तो उसकी सांसें थम गई थी। इसके बाद हंगामा करने लगे। सीएमओ के निर्देश पर कप्तानगंज के सर्जन डॉ. सूर्यभान, डॉ. महिला डॉक्टर रेनू और एनेस्थिसिया डॉ. सुनील निषाद की टीम जांच शुरू कर दिया है। टीम अस्पताल संचालक से ऑपरेशन में शामिल डॉक्टरों की डिग्री और महिला की इलाज की बीएचटी मांगा है, लेकिन शनिवार की शाम तक संचालक उपलब्ध नहीं करा सके। तीन दिन का इसके लिए मौका दिया गया है। इसके बाद डॉक्टरों का बयान दर्ज टीम करेगी। जांच में पोस्टमार्टम रिपोर्ट को शामिल किया गया है, जिसमें ऑपरेशन के बाद लगे टांका के पास से अधिक रक्तस्राव होने से मौत की पुष्टि हुई है। सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश ने बताया कि जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।