तरकुलवा। थाना क्षेत्र के 10 से अधिक गांवों में कच्ची शराब का अवैध धंधा तेजी से बढ़ रहा है। गांवों में बनी यह कच्ची शराब पड़ोसी प्रांत बिहार तक भेजी जा रही है। इससे इन गांवों का माहौल भी खराब हो रहा है।
आबकारी विभाग और पुलिस इस पर रोक नहीं लगा पाई तो अब लोग खुद ही समस्या से निजात पाने के लिए संघर्ष करने को तैयार हैं। सिरसिया के बाद कई और गांवों के नौजवान भी अवैध भट्ठियां तोड़ने की योजना बना रहे हैं।
ग्रामीण शिवपूजन, राजेश, राजेंद्र, शिवनरायण, संजय आदि का कहना है कि जब कोई घटना हो जाती है तो पुलिस और आबकारी विभाग की टीम कार्रवाई का दिखावा करने आती है। कच्ची शराब व लहन को नष्ट किया जाता है। कुछ लोगों को गिरफ्तार किया जाता है। इसके बाद हफ्ते भर तक धंधा बंद रहता है। इसके बाद फिर खेल शुरू हो जाता है।
ग्रामीणों के अनुसार तरकुलवा थाना क्षेत्र के हरपुर निजाम, सिरसिया, कंचनपुर, कोन्हवलिया, सिरवानिया, रतनपुरा, नारायणपुर, कोन्हवलिया बाबू राय, कोन्हवलिया भरत राय, भिसवा, कैथौली आदि गांवों में कच्ची शराब बनाने का धंधा चल रहा है। पुरुषों के साथ महिलाएं भी शराब बनाने व बेचने में जुटी हैं। सीओ संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि अवैध कच्ची शराब के अड्डों पर समय-समय पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाती है। पुलिस इस धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजने का काम करती है। शराब के धंधे को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा।