संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुजुर्ग/बनकटा। क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने गांव के कुछ लोगों पर परेशान करने का आरोप लगाया है। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि आरोपियों के अश्लील हरकत से परेशान होकर उसने नौकरी छोड़ दी है।
युवती एक एनजीओ में नौकरी करती थी। उसका कहना है कि गांव के तीन-चार लोग बिहार में शराब व नशीले पदार्थों की तस्करी करते हैं। वे लोग गांव की लड़कियों को स्कूल जाने या नौकरी करने पर परेशान करते हैं। उसे भी यह लोग परेशान करने लगे। अगर वह शाम ढलने के बाद घर लौटती है तो उसे और घरवालों को गाली देते हैं। युवती का कहना है कि आरोपियों की पुलिस में पहचान है। इस वजह से ही उन पर कार्रवाई नहीं होती। इस मामले में एसओ बनकटा नवीन चौधरी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।