बरहज (ब्यूरो)। कटइलवा गांव में जाने वाली सड़क को काटते हुए घाघरा नदी घराें की तरफ बढ़ रही है। गांव के लोगों ने कटान रोकने के लिए प्रशासन से मांग की लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसको लेकर लोगों में गुस्सा है। शीघ्र कटान रोकने के लिए प्रशासन व्यवस्था कर देता तो शायद घाघरा की कटान से लोगों के मकान बच जाते।
नदी तट पर बसे गांवों को हर साल बाढ़ और कटान का दंश झेलना पड़ता है। नदी उस पार कोल खास गांव के साथ कूरह परसिया गांव को निगल चुकी है। कपरवार संगम तट से कटइलवा गांव तक आज भी कृषि भूमि नदी की भेंट चढ़ रही है। कटइलवां गांव को निशाना बनाते हुए गांव को जाने वाले मुख्य रास्ते को काटते हुए घाघरा घराें की ओर बढ़ना शुरू कर दिया है।
गांव के सीताराम, हरीबंश, भरत निषाद रामबेलास, छोटेलाल का कहना है कि प्रशासन नदी से कटान की सूचना के बाद अनभिज्ञ है। शीघ्र बचाव कार्य शुरू नहीं हुआ तो तहसील का घेराव करेंगे। तहसीलदार हरीबंश प्रसाद ने कहा कि गांव में हो रहे कटान की सूचना से जिला प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है।