गौरी बाजार। हाटा मार्ग से देवतहां कुटी व करमहां मार्ग की सूरत जल्द बदलेगी। हाटा मार्ग से वाया चोरखरी चौराहा, कुंवर बखरा, टेंगरगढ़ी होते हुए देवतहां कुटी तक का मार्ग अब टू लेन होगा।
6.2 किलोमीटर मार्ग के इस निर्माण में कुल 13.59 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं हाटा रोड से ग्राम करमहां तक सड़क की भी बदहाली दूर होगी। इस पर करीब 11.90 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग कराएगा। शासन से इसकी स्वीकृति मिल गई है। हाटा रोड से ग्राम देवतहां, टेंगरगढ़ी व कुंवर बखरा के सैकड़ों लोगों का इस सड़क से रोजाना आना-जाना है। काफी दिनों से सड़क टूटी हुई है। सड़क पर जहां-तहां गड्ढे भी हैं। मार्ग सकरा होने से आवागमन में असुविधा होती है। इस मार्ग से रोजाना दर्जनों विद्यालयों के वाहन छात्रों को ले जाते हैं। सिंगल लेन होने के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क में गड्ढे और उड़ती धूल से लोगों को निजात मिलेगी। वहीं हाटा रोड से ग्राम करमहां तक टू लेन सड़क बनेगी। ककवल, विनायक, चिल्लौना से यह सड़क ग्राम करमहां तक जाएगी। जब शासन से टू लेन मार्ग की स्वीकृति मिली है तो क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। ग्राम कुंवर बखरा के प्रधान प्रतिनिधि प्रवीण उपाध्याय ने बताया कि बताया कि काफी दिनों से सड़क खराब थी। टेंगरगढ़ी निवासी इंद्रमणि यादव, रामविजय उपाध्याय, रोहित, धर्मेंद्र आदि ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए शासन को धन्यवाद दिया।
ग्राम करमहां, देवतहा, टेंगरगढ़ी, ककवल, चिल्लौना समेत आठ गांव के लोगों को इस मार्ग के निर्माण से लाभ होगा।
इससे देवतहां कुटी पर लगने वाले गोधन मेला और रामलीला में भी लोगों को आने जाने में आसानी होगी।