देवरिया। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के केंद्र निर्धारण में भारी विसंगतियां सामने आईं हैं। कई विद्यालयों का परीक्षा केंद्र मानक से अधिक दूरी पर बना दिया गया है। वहीं कुछ परीक्षा केंद्रों और संबंधित विद्यालयों के बीच रेलवे ढाला और निर्माणाधीन फ्लाईओवर के चलते आने जाने में दिक्कत है। इसको लेकर विद्यालयों के संचालकों ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आपत्तियां दर्ज कराई हैं। इन आपत्तियों पर अब जिलास्तरीय समिति की बैठक में विचार किया जाएगा। सही शिकायतों पर समिति उचित निर्णय लेगी।
यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्र की अंतरिम सूची 30 नवंबर को जारी कर दी गई है। इस सूची में 163 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इसके खिलाफ डीआईओएस कार्यालय में 274 आपत्तियां और प्रत्यावेदन दर्ज कराए गए हैं। केंद्र निर्धारण में मिली विसंगतियों में से सर्वाधिक आपत्तियां दूरी को लेकर आई हैं। 155 विद्यालयों ने अधिक दूरी पर केंद्र बनाए जाने की शिकायत दर्ज कराई है।
यूपी बोर्ड के नियमों के अनुसार 12 किमी के दायरे में ही परीक्षा केंद्र बनाने की अनुमति है पर साफ्टवेयर के जरिए स्वत: बने परीक्षा केंद्रों में हवाई दूरी के आधार पर परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर दिया गया है जबकि विद्यालय से परीक्षा केंद्र की दूरी सड़क मार्ग से अधिक है। किसी केस में हवाई दूरी भी 12 किमी से अधिक है। इसके चलते विद्यालयों के संचालक परेशान हैं।
वहीं परीक्षार्थियों के अभिभावक भी चिंतित हैं। भरहे चौरा के ओम प्रकाश आनंद डीएसएस इंटर कॉलेज के छात्रों का परीक्षा केंद्र शहर के राजकीय इंटर काॅलेज और छात्राओं का परीक्षा केंद्र शहर में महाराजा अग्रसेन इंटर काॅलेज में भेजा गया है। यह दूरी 45 किमी से अधिक है। वहीं भरहे चौरा के ही सिद्धनाथ इंटर काॅलेज का परीक्षा केंद्र 20 किमी दूर एसबी इंटर काॅलेज पड़री बाजार में भेजा गया है।
इसी तरह राजकीय हाईस्कूल बागापार का सेंटर 20 किमी दूर बंधूनाथ इंटर काॅलेज मायापुर इमिलिया में भेजा गया है। जनता उमावि बैकुंठपुर का सेंटर 24 किमी दूर राममनोहर लोहिया इंटर काॅलेज पकड़ी बाबू भेजा गया है। वहीं महाराणा इंटर कॉलेज शेरवां बभनौली का सेंटर एडी इंटर कॉलेज बभनी में गया है।
परीक्षा केंद्रों की अंतरिम सूची में विसंगतियों को लेकर आपत्तियां आई हैं। इसका भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। जिलास्तरीय समिति इस पर विचार कर उचित निर्णय लेगी।
-नीलेश पांडेय, सह जिला विद्यालय निरीक्षक