- नवरात्र में पोस्टर प्रकरण पर रुद्रपुर में हुआ था बवाल, बावजूद नहीं चेते एकौना के थानेदार
- दो दिन पहले रामलीला में विवाद की सूचना के बाद भी शोभायात्रा में गायब रही पुलिस
- एसपी ने थानेदार और कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया, थानेदार की लापरवाही की जांच शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। क्षेत्र में त्योहारों पर मामूली विवादों की शुरुआत में पुलिस की लापरवाही बवाल का जरिया बन रहा है। नगर में नवरात्र पर पोस्टर विवाद में पहले दिन पुलिस की नरमी से विवाद इतना बढ़ गया कि एसपी और डीएम को कस्बे में उतरना पड़ा। वहीं एकौना में भी दो दिन पहले विवाद को लेकर लापरवाह बनी पुलिस के चलते बृहस्पतिवार की शाम को निकाली गई शोभायात्रा में बवाल हो गया। खुद सक्रियता दिखाते मौके पर पहुंचे एसपी को हालात काबू करना पड़ा। पुलिस की जांच में पता चला की शोभायात्रा के दौरान जिन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी थी, वे गायब थे। एसपी ने कांस्टेबल और थानेदार को लाइन हाजिर कर दिया है।
लोगों के अनुसार, यदि दोनों वारदात में शुरुआती दौर में ही पुलिस चेती होती तो बवाल बढ़ा नहीं होता। लोग पुलिस की कार्यशैली पर अब सवाल खड़ा कर रहे हैं। नगर के पुराना चौक पर शिवाजी और मुगल को लेकर आपत्तिजनक पोस्टर लगाने के पहले दिन पुलिस की नरमी अगले दिन और बड़े विवाद का कारण बन गई। इसे लेकर दो समुदाय के युवकों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। लिहाजा एसपी को मैदान में उतरना पड़ा।
वहीं एकौना में रावण पुतला दहन के दिन हुए विवाद की सूचना को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया। नतीजतन बृहस्पतिवार को एकौना, भेड़ी और बकरुवा गांव में राम राज्याभिषेक की निकाली गई शोभायात्रा के दौरान बवाल हो गया। इस दौरान पुलिस की गैर मौजूदगी से अराजकतत्वों का हौसला बढ़ गया। उन्होंने पत्थर बाजी शुरू कर दी। गांव में भगदड़ के बाद लोगों ने 112 पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद बवाल कर रहे युवक मौके से भाग। वहीं अहलादपुर मरकड़ी गांव में महिला के पेट में चाकू लगने के बाद आरोपी पर मारपीट का केस दर्ज होने पर महिला की मौत पर लोगों का गुस्सा पुलिस पर फूट पड़ा और शुक्रवार को सड़क पर शव रख कर हंगामा किया। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस नगर में पोस्टर विवाद और एकौना के मेले में झगड़ा करने वालों पर सख्ती दिखाई होती तो विवाद नही बढ़ता। लोग मामूली घटना के बाद बवाल बढ़ने के पीछे पुलिस की शुरुआती लापरवाही बता रहे हैं। सूत्रों की माने तो एकौना थानेदार की लापरवाही पूर्व के थानों पर तैनाती के दौरान सामने आ चुकी है, एसपी ने इसकी जांच बैठा दी है।