सलेमपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के डीआरएम आशीष जैन सोमवार को स्पेशल सैलून से सलेमपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक बृजेश मिश्रा से स्टेशन की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों की जानकारी लेने के बाद पूरे परिसर का निरीक्षण किया।
डीआरएम ने निर्माणाधीन कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्र और अनारक्षित टिकट प्रणाली कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने कक्ष में एसपी अन्य आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्माणाधीन पार्किंग स्थल का निरीक्षण किया। पार्किंग के सामने हाल ही में बनी इंटरलॉकिंग धंसी मिलने और नाली पर ढक्कन नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए सुधार कराने के निर्देश दिए।
स्टेशन परिसर से मलबा को हटाने के साथ ही नवनिर्मित पार्किंग का टूटा गेट तत्काल ठीक कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान यात्रियों ने स्टेशन के शौचालय में ताला बंद रहने की शिकायत भी डीआरएम से की, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर के प्रतिनिधि रामप्रकाश यादव उर्फ मुन्ना ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपकर स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की।
उन्होंने प्लेटफार्म संख्या-दो के दक्षिणी हिस्से में टीनशेड लगाने, प्लेटफार्म संख्या-एक से तीन तक आवागमन के लिए फुटओवर ब्रिज बनाने तथा स्टेशन के उत्तरी छोर पर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक जाने के लिए अलग फुटओवर ब्रिज का निर्माण कराने की मांग उठाई। डीआरएम ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।