भटनी। कस्बा निवासी एक दुष्कर्म के एक आरोपी के घर में बुधवार की रात मेहंदी और हल्दी की रस्म चल रही थी। बृहस्पतिवार को बरात जानी थी लेकिन उससे पहले ही सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में आवश्यक कार्रवाई कर उसे जेल भिजवा दिया।
पुलिस के अनुसार, भटनी नगर निवासी एक युवक का रुद्रपुर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर सलेमपुर नगर में किराए के कमरे पर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि प्रारंभिक शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिस पर उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर सलेमपुर कोतवाली में आरोपी के विरुद्ध दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। इधर, आरोपी युवक के परिजनों ने उसकी शादी तय कर दी थी। मंगलवार को तिलक समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। बृहस्पतिवार को बरात जानी थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं कि बुधवार देर रात पुलिस पहुंच गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उधर सलेमपुर पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को भरथुआ से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उसके पास से युवती की छीनी हुई मोबाइल भी बरामद कर ली है। उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। वही शादी के ठीक पहले युवक के गिरफ्तारी से शादी समारोह का जश्न फीका पड़ गया है। इसको लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।