देवरिया। गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक विधायक चुनाव के दौरान शुक्रवार को डीएम मधुसूदन हुल्गी और एसपी अभिजित आर शंकर ने जिले के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस फोर्स की तैनाती का जायजा लिया।
मातहतों को मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही, मतदान केंद्रों पर अनधिकृत लोगों का प्रवेश रोकने और अनावश्यक भीड़ नहीं लगने देने को कहा।
पुलिस विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि डीएम और एसपी ने क्षेत्र पंचायत भलुअनी, रामपुर कारखाना और सदर में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों के प्रवेश और निकास मार्गों के साथ ही परिसर के आसपास की व्यवस्थाएं देखीं।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने और निर्वाचन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन कराने को कहा।
डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मतदानकर्मियों के साथ समन्वय बनाकर मतदान प्रक्रिया सुचारु रखने के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों से कहा कि मतदाताओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार करें। मतदान केंद्रों पर शांति और अनुशासन बनाए रखें, जिससे मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
एसपी ने मतदान केंद्रों के आसपास संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
किसी समस्या या महत्वपूर्ण सूचना से उच्चाधिकारियों को तुरंत अवगत कराया जाए। मतदान प्रक्रिया में बाधा डालने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
जिले में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, सीओ और थानाध्यक्ष लगातार भ्रमण कर मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्वाचन कर्मियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए।