भटनी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने भटनी के एक कॉलेज प्रबंधक से परिषदीय शिक्षक के साथ कॉलेज प्रबंधक की जिम्मेदारी निभाने पर स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही उन्होंने एक सप्ताह के अंदर साक्ष्य के साथ जिला कार्यालय पर उपस्थित होने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार भटनी क्षेत्र के मिश्रौली दीक्षित गांव निवासी सुमंत कुमार दीक्षित ने फरवरी 2025 में जिला विद्यालय निरीक्षक को शिकायती पत्र दिया। इसमें उन्होंने बताया कि नगर स्थित एक कॉलेज की प्रबंधक परिषदीय शिक्षक हैं। इन दिनों उनकी तैनाती सलेमपुर ब्लॉक में है। बताया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक एक्ट के तहत परिषदीय शिक्षक किसी शैक्षणिक संस्था का प्रबंधक नहीं हो सकता है।
शिकायत पर डीआईओएस ने सह जिला विद्यालय निरीक्षक से इसकी जांच कराई। नामित अधिकारी के जांच रिपोर्ट में शिकायत सही मिलने पर डीआईओएस ने शुक्रवार को कॉलेज प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही शिकायत के सापेक्ष साक्ष्य लेकर एक सप्ताह के अंदर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में उपस्थित होने को कहा है। जिला विद्यालय निरीक्षक शिव नारायण सिंह ने बताया कि नियम के मुताबिक परिषदीय शिक्षक कॉलेज का प्रबंधक नहीं हो सकता है। शिकायत पर प्रबंधक और प्रबंध समिति से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संवाद