तरकुलवा। कानपुर के पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में तीन माह पूर्व ठंड से बचने के लिए अंगीठी जलाकर सो रहे चार मजदूरों की दम घुटने से मौत हो गई थी। मृत मजदूर थाना क्षेत्र के तवक्कलपुर गांव के रहने वाले थे। मृत चारों युवकों के आश्रितों को सरकार की तरफ से दो-दो लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। यह धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रदान की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम तवक्कलपुर के रहने वाले अमित बरनवाल (32), राहुल सिंह (23), संजीव उर्फ संजू सिंह (22) व दाऊद अंसारी (28) कानपुर के पनकी में इंडस्ट्रियल एरिया में निर्माणाधीन ऑयल सीड्स फैक्ट्री में काम करते थे। वे 22 नवंबर की रात को भोजन करने के बाद ठंड से बचने के लिए कंपनी के वॉयलर टेस्टिंग के लिए लाए गए अंगीठी में कोयला जलाकर कमरा बंद करके सो गए। सुबह चारों मृत पाए गए थे। मौत का कारण दम घुटना बताया गया।
चारों के शव जब उनके घर पहुंचे तो पूरे गांव और आसपास के इलाके में मातम पसर गया। कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मृतकों के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और यथासंभव आर्थिक मदद दिलाने की बात कही। कृषि मंत्री की पहल पर चारों मृतकों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।