तरकुलवा। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम महुआपाटन में चार दिन पहले ट्रैक्टर की ठोकर से दो बिजली के खंभे टूट गए थे। इससे बाजार और गांव के करीब 50 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। इस खबर को अमर उजाला ने बृहस्पतिवार के अंक में प्रकाशित किया था। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने दो क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों को लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी।
जानकारी के अनुसार, 33/11 बिजली घर के गढ़रामपुर फीडर से महुआपाटन गांव और बाजार के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। यहां के 50 उपभोक्ताओं की आपूर्ति भरौटा गांव की ओर से होती है। सोमवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर 11 हजार लाइन के बिजली खंभे से टकरा गया। इससे एक खंभा टूटकर गिर गया और दूसरा टेढ़ा हो गया था।
इसके बाद से ही बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। खबर प्रकाशित होने पर बृहस्पतिवार की सुबह अवर अभियंता लवलेश सिंह ने विभागीय कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंच कर दोनों क्षतिग्रस्त खभों की जगह नए खंभे लगाकर आपूर्ति बहाल कर दी। आपूर्ति बहाल होने पर सतीश जायसवाल, पावन जायसवाल, श्रीराम कुशवाहा, सन्नी जायसवाल, अजय जायसवाल, शंभू गुप्ता, कैलाश सिंह, संत जायसवाल, भोलू जायसवाल आदि ने प्रसन्नता जताई है।