देवरिया। दिसंबर में मुख्यमंत्री के हाथों शिलान्यास के बाद लगा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण रफ्तार पकड़ेगा, लेकिन अभी तक एक ईंट तक नहीं रखी गई। इसकी वजह पुराने भवनों को तोड़ने के लिए शासन से अनुमति नहीं मिलनी बताई जा रही है।
जिला अस्पताल कैंपस में 207 करोड़ की लागत से देवरहा बाबा राजकीय मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना है। इसकी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम कुशीनगर इकाई को मिली है। प्रथम किस्त में 50 करोड़ रुपये भी स्वीकृत हो चुके हैं। करीब पांच माह पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका शिलान्यास किया था। ढाई माह पूर्व कागजी प्रक्रिया पूरी कर शासन से अस्पताल कैंपस में बने पुराने भवनों को ध्वस्त करने के लिए कार्यदायी संस्था ने अनुमति मांगी थी। अभी तक कोई जवाब नहीं आने से निर्माण कार्य अधर में है। वहीं, जिला अस्पताल और जिला महिला अस्पताल में चाहकर भी कोई निर्माण कार्य कराने से कार्यदायी संस्था ने रोक रखा है।
जो भवन चिह्नित हैं वे आवास हैं
देवरिया। जिला अस्पताल के कैंपस में बने जिन भवनों को चिह्नित किया गया है। उसमें अस्पताल के कर्मचारी और डॉक्टर निवास करते हैं। डीएम के निर्देश पर सीएमओ ने सभी कर्मचारियों और डॉक्टरों को भवन खाली करने के लिए नोटिस जारी कर दिया है। एक महीने के अंदर किसी भी कीमत पर भवन खाली करने की चेतावनी दी गई है।
वर्जन
पुराने भवनों को तोड़ने के लिए शासन से अनुमति मिलने का इंतजार है। चुनाव के कारण विलंब हो रहा है। इस कारण निर्माण कार्य रुका हुआ है। महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज की तरफ बाउंड्रीवाल का कार्य चल रहा है। भवनों को तोड़ने के बाद ही निर्माण कार्य गति पकड़ेगा।
-महेंद्रनाथ यादव, सहायक अभियंता निर्माण इकाई।