जिला स्तरीय एमडीएम रसोइया पाक कला प्रतियोगिता में रसोइयों द्वारा बनाए गए भोजन को टेस्ट करती डीए
देवरिया। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निर्देश पर शुक्रवार को सदर बीआरसी परिसर में जनपदीय रसोइया पाक-कला प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालयों में मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली 26 रसोइयों ने अपने पाक-कौशल का प्रदर्शन किया।
डीएम दिव्या मित्तल ने इसका निरीक्षण किया और व्यंजनों का स्वाद भी चखा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डीएम दिव्या मित्तल ने प्रतिभागी रसोइयों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। प्रतियोगिता में विभिन्न विकास खंडों से चयनित 30 में से 28 रसोइयों ने प्रतिभाग किया।
निर्णायक समिति की ओर से भोजन पकाने की विधि, स्वच्छता, सुरक्षा मानक एवं स्वाद के आधार पर मूल्यांकन किया गया। निर्णायक समिति में डीआईओएस शिवनारायण सिंह, बीएसए शालिनी श्रीवास्तव, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्रा, पोषण पुनर्वास केंद्र की डॉ. सृष्टि सिंह को शामिल किया गया था। प्रथम स्थान लक्ष्मी देवी (प्राथमिक विद्यालय पिपरा खेमकरन, भलुअनी), द्वितीय स्थान संगीता देवी (सतासी इंटर कॉलेज, रूद्रपुर) तथा तृतीय स्थान सरिता देवी (कंपोजिट विद्यालय वंशहिया, गौरीबाजार) ने प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन पंकज शुक्ल व संजय मिश्र ने किया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक एमडीएम सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य मौजूद रहे।